Spread the love

नवागत पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन इरशाद वली द्वारा आज पन्ना जिले का भ्रमण किया गया। पन्ना आगमन पर पुलिस गार्ड द्वारा सलामी दी गई। इसके उपरांत पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल, पन्ना में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ प्रस्तावना एवं अपराध समीक्षा बैठक ली गई।बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर रेंज  विजय खत्री, पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमति निवेदिता नायडू, अति0 पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान समेत जिले के समस्त एसडीओपी, एवं जिले के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई तथा पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।बैठक में जिले की भौगोलिक स्थिति, अनुभागवार थाना एवं चौकी की स्थिति, जिले में घटित अपराधों, गंभीर एवं लंबित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, शिकायतों तथा साइबर अपराधों की समीक्षा की गई। लंबित मामलों के त्वरित निराकरण एवं अपराध नियंत्रण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।पुलिस महानिरीक्षक द्वारा थानों में जप्त माल को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने तथा जप्त माल के शीघ्र निराकरण के संबंध में निर्देशित किया गया। साथ ही अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा जैसी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए।बैठक के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पन्ना का भ्रमण किया गया। इस दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक द्वारा जिले के थाना अमानगंज, थाना कोतवाली पन्ना एवं थाना मड़ला का भ्रमण कर थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों, जप्त माल एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस महानिरीक्षक द्वारा आगामी त्योहारों एवं धार्मिक आयोजनों को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्र में लगातार पुलिस मूवमेंट बनाए रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

You missed