Spread the love

👉अजयगढ़ विकासखंड के सिंहपुर एवं धरमपुर में लगा शिविर
👉कलेक्टर सहित अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर लिया गया जायजा
👉समयबद्ध रूप से शासकीय सेवाओं के लाभ प्रदान करने के दिए गए निर्देश

पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि विकास और जनकल्याण के लिए राज्य सरकार दूरगामी विजन के साथ कार्य कर रही है। शासन द्वारा पांच माह तक संचालित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभांरभ किया गया है। वास्तव में यह एक नई शुरूआत है। अब हर शुक्रवार को किसी भी दफ्तर में बैठकें नहीं होंगी, बल्कि समस्त अधिकारी जनता के बीच मौजूद रहकर मैदानी स्तर पर शासकीय योजनाओं व कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा लेंगे। पूर्व मंत्री श्री सिंह शुक्रवार को अभियान के शुभारंभ पर अजयगढ़ ब्लॉक के सिंहपुर में आयोजित शिविर में शामिल हुए। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं के हितलाभ का वितरण भी किया गया।
पन्ना विधायक ने कहा कि जनविश्वास अभियान में आम नागरिकों की बेहतरी और उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मैदानी स्तर पर आने वाली कठिनाईओं का समाधान किया जाएगा। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से शुरू होकर प्रत्येक शुक्रवार को 8 जनवरी 2027 तक चलेगा। प्रत्येक व्यक्ति को लाभ दिलवाने और सुशासन के लिए यह महत्वाकांक्षी अभियान मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से जनता की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही अंत्योदय और जन कल्याण के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी दी। उन्होंने गरीब, किसान, युवा और नारी सहित हर वर्ग के कल्याण के लिए शासन की प्रतिबद्धता के बारे में अवगत कराया। क्षेत्रीय विधायक ने स्थानीय उद्यमियों से विस्तृत संवाद भी किया। नए उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, उनके सुचारू संचालन, उत्पादन क्षमता तथा उससे प्राप्त होने वाली आय के संबंध में उद्यमियों से जानकारी ली और उन्हें स्वावलंबी बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर ऊषा परमार ने अभियान अंतर्गत सामुदायिक भवन, सिंहपुर में आयोजित शिविर में लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और समयावधि में समुचित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर प्रभावी कार्रवाई होगी। अधिकारियों को अधिकाधिक शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी ने जन विश्वास अभियान की गतिविधियों और रूपरेखा के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
*गौशाला, विद्यालय एवं आरोग्य केन्द्र का किया निरीक्षण*
कलेक्टर श्रीमती परमार शासकीय माध्यमिक शाला, भसूड़ा पहुंचीं। शाला परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और जलभराव की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इस संबंध में उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शाला निरीक्षण के दौरान उन्होंने पदस्थ शिक्षकों की ऑनलाइन नियमित उपस्थिति की जानकारी भी ली। कक्षाओं में पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया, उनसे पुस्तक का वाचन कराया तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का स्तर परखा। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को दिए जाने वाले नियमित मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था और उसकी गुणवत्ता का भी जायजा लिया। भ्रमण के दौरान सिंहपुर में संचालित गौशाला का अवलोकन किया गया। इस दौरान गौशाला में मौजूद गौवंश की कुल संख्या, पशुओं की टैगिंग प्रक्रिया तथा पशु आहार एवं चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का भी निरीक्षण किया तथा दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी ली। इसके उपरांत धरमपुर पंचायत में भी अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। धरमपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन डिपो का शुभारंभ किया गया तथा एएनसी सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया एवं जानकारी ली। यहां स्थानीय बाजार को निर्धारित स्थल पर लगवाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू सहित एसडीएम आलोक मार्को, तहसीलदार सुरेन्द्र अहिरवार, जनपद पंचायत सीईओ सतीश नागवंशी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

You missed