Spread the love

👉लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को बताया सफलता की कुंजी

अमानगंज क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा द्वारा संचालित जी.एल.वी. मेमोरियल कोचिंग संस्थान अमानगंज में पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नायडू ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और जीवन में सफलता हासिल करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सबसे पहले लक्ष्य का निर्धारण आवश्यक है। इसके बाद अनुशासन, समय का सदुपयोग और लगातार मेहनत के साथ उस लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि निरंतर प्रयास और मेहनत से सफलता की राह तैयार होती है। विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों को पहचानकर उन्हें दूर करने तथा असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। एसपी ने छात्र-छात्राओं के साथ सहज वातावरण में संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं को भी सुना। उनके अनुभवों और प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विद्यार्थियों ने भी पुलिस सेवा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनसे सवाल किए।
*ग्रामीण विद्यार्थियों को मिल रहा निःशुल्क मार्गदर्शन*
गौरतलब है कि विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा द्वारा अमानगंज में जी.एल.वी. मेमोरियल कोचिंग संस्थान का संचालन किया जा रहा है। इस संस्थान में क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। कोचिंग में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नियमित रूप से अध्ययन कर रहे हैं, जिनमें छात्राओं की संख्या भी उल्लेखनीय है।
विधायक डॉ. वर्मा का कहना है कि ग्रामीण और छोटे कस्बों के प्रतिभावान विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से कोचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, पुलिस अधिकारियों और अन्य विषय विशेषज्ञों को विद्यार्थियों के बीच आमंत्रित कर उनके अनुभवों से छात्र-छात्राओं को सीखने का अवसर दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को केवल किताबों से ही नहीं, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर चुके लोगों के अनुभवों से भी प्रेरणा मिल रही है। एसपी निवेदिता नायडू का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर मार्गदर्शन करना इसी प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

You missed