Spread the love

पीयूष दीक्षित दैनिक श्रमिक उजाला ब्यूरो चीफ

लखीमपुर खीरी। थाना क्षेत्र के ग्राम संसारपुर निवासी एजाज अहमद ने अपनी पुत्री रिजवाना खातून के साथ हो रहे उत्पीड़न को लेकर थाना मैलानी में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री को उसका पति इमरान पुत्र शमशेर अली (निवासी परसेरा, थाना फरधान) लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि आरोपी द्वारा प्रयुक्त मोबाइल नंबर से रिजवाना खातून के मोबाइल पर अश्लील वीडियो, फोटो व आपत्तिजनक संदेश भेजे गए, जिससे उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और भेजी गई सामग्री बाद में डिलीट कर दी जाती है। वर्तमान में उक्त नंबर आरोपी का बड़ा भाई चला रहा है। प्रार्थी ने मोबाइल जब्त कर फॉरेंसिक जांच कराने व डिलीट सामग्री की रिकवरी की मांग की है।

इसके अलावा आरोप है कि इमरान ने बिना वैधानिक प्रक्रिया के दूसरी शादी कर ली है और ससुराल पक्ष उसका सही पता छिपा रहा है। गर्भावस्था के दौरान रिजवाना को मायके छोड़ दिया गया और वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह भयभीत है।

वर्तमान में पीड़िता अपने तीन मासूम बच्चों के साथ मायके में रह रही है और उसका परिवार न्याय के लिए थाने के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। इस पूरे मामले में महिला सशक्तिकरण के दावों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस मामले पर थाना प्रभारी का कहना है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed