Spread the love

*बिग ब्रेकिंग न्यूज*

संगम नगरी को जाम से मिलेगी बड़ी राहत, छह नए फ्लाईओवरों पर लगी मुहर

महर्षि भरद्वाज से लोक सेवा आयोग तक बनेगा सबसे लंबा उन्नत सेतु, बदल जाएगी प्रयागराज की यातायात तस्वीर

 जिला संवाददाता प्रयागराज बालेंद्र कुमार बलराम

प्रयागराज। संगम नगरी में वर्षों से लोगों की सबसे बड़ी परेशानी बन चुके भीषण यातायात जाम से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया प्रयागराज दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में सेतु निगम द्वारा तैयार किए गए छह नए फ्लाईओवरों के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद अब शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा हुआ तो रोजाना घंटों तक जाम में फंसने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। शहर का सबसे लंबा फोरलेन उन्नत सेतु महर्षि भरद्वाज चौराहा से लोक सेवा आयोग चौराहा तक बनाया जाएगा। लगभग दो हजार पाँच सौ मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का उद्देश्य स्कूलों, सरकारी कार्यालयों और उच्च न्यायालय आने-जाने वाले अधिवक्ताओं तथा कर्मचारियों को जाम से निजात दिलाना है। सुबह और शाम के व्यस्त समय में इस मार्ग पर लगने वाला लंबा जाम समाप्त होने की उम्मीद है। इसके अलावा कलश चौराहा से लोक सेवा आयोग चौराहा तक लगभग दो हजार मीटर लंबा एक और फोरलेन फ्लाईओवर प्रस्तावित है। वहीं सिविल लाइंस के हनुमत निकेतन चौराहा, मेडिकल चौराहा, लक्ष्मी टाकीज क्षेत्र, कटरा कचहरी रोड, रामबाग चौराहा तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों को भी इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल किया गया है। इन स्थानों पर वर्षों से वाहनों की लंबी कतारें आम बात रही हैं, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सेतु निगम के सर्वेक्षण में सामने आया कि प्रयागराज के कई प्रमुख चौराहे लगातार बढ़ते यातायात दबाव के कारण अपनी क्षमता से अधिक बोझ झेल रहे हैं। इसी आधार पर नए फ्लाईओवरों का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे अब प्रशासनिक स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ने की संभावना है। शहरवासियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि घोषणाएं कितनी जल्दी धरातल पर उतरती हैं और संगम नगरी को जाम से वास्तविक राहत कब मिलती है।

Leave a Reply

You missed