Spread the love

भिटरिया चकमार्ग कब्जा: कार्रवाई नहीं हुई तो धरना देगा भाकियू भानु

प्रदेश महामंत्री ठाकुर कृष्णराज सिंह बैस की चेतावनी, बोले- जिम्मेदार होंगे राजस्व अधिकारी

प्रयागराज। करछना तहसील के ग्राम भिटरिया में 123 नंबर चकमार्ग पर वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जे के मामले में भारतीय किसान यूनियन भानु ने आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के प्रदेश महामंत्री ठाकुर कृष्णराज सिंह बैस ने कहा कि यदि जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन कड़ा कदम उठाएगा और धरना-प्रदर्शन पर बैठने को मजबूर होगा।

उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी आलाधिकारी व राजस्व विभाग जिम्मेदार होंगे। संगठन पहले ही कई बार जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा तथा उपजिलाधिकारी करछना को ज्ञापन सौंप चुका है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजस्व विभाग गेहूं-धान की फसल का बहाना बनाकर कार्रवाई टालता रहा। भूमाफियाओं ने सरकारी चकमार्ग पर कब्जा कर रखा है। तहसील स्तर, जिला स्तर, मुख्यमंत्री पोर्टल व 1076 पर कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई खाली होने का फर्जी रिपोर्ट लगा दी जाती है।

ग्रामीणों का सवाल है कि जिलाधिकारी जिले में अवैध कब्जों पर अभियान चलाते हैं, फिर करछना के भिटरिया पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। एसडीएम करछना समेत पूरा राजस्व अमला सवालों के घेरे में है।

अब निगाहें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हैं कि वे लापरवाह अधिकारियों पर कड़ा कदम उठाते हैं या मामला आंदोलन तक पहुंचेगा।

Leave a Reply

You missed