Spread the love

 

पन्ना पुलिस द्वारा बृजपुर थाना क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का 48 घंटे के अंदर किया गया खुलासा👉

👉घटना में शामिल 01 आरोपी गिरफ्तार एवं 01 नाबालिग बालिका पुलिस अभिरक्षा में

👉इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी हत्या का कारण, पत्थरों से हमला कर की गई थी मृतक की हत्या

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस द्वारा थाना बृजपुर क्षेत्र में हुए अंधे हत्याकांड का सफल अनावरण करते हुए मामले में शामिल 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है एवं 01 नाबालिग बालिका को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है ।दिनांक 10/09/2026 को फरियादिया श्रीमती माया गौड़ निवासी ग्राम मनकी द्वारा थाना बृजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पुत्र संदीप गौड़ दिनांक 09/09/2026 को मोटरसाइकिल लेकर गांव की तरफ गया था, जो दिनांक 10/09/2026 की सुबह तक वापस नहीं आया। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना बृजपुर में अप.क्र. 194/26 धारा 140(3) बीएनएस का पंजीबद्ध किया जाकर विवेचना में लिया गया।मामले में थाना प्रभारी बृजपुर उनि. सोनम शर्मा द्वारा पुलिस टीम के साथ मिलकर गुमशुदा संदीप गौड़ की तलाश आसपास एवं संभावित स्थानों में की गई। दिनांक 12/09/2026 को तलाश के दौरान लुहरहाई-सिलधरा रोड से कुछ दूरी पर जंगल में दो बड़े पत्थरों के बीच संदीप गौड़ का शव दबा हुआ मिला, जिसके ऊपर कई पत्थर रखे हुए थे। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला पाए जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।थाना प्रभारी बृजपुर द्वारा मामले की विस्तृत जानकारी पुलिस अधीक्षक पन्ना को दी गई। पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा मामले को गंभीरता से लिया गया । प्रकरण के संबंध में आरोपियों की पतारसी एवं घटना के खुलासा हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं अनु. अधि. पुलिस अजयगढ़ श्री राजीव सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बृजपुर उनि. सोनम शर्मा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम की सहायतार्थ कार्यवाही में योगदान हेतु पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना को आदेशित किया गया ।

मामले में गठित पुलिस टीम द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के उचित दिशा-निर्देशन में प्रकरण का बारीकी से अवलोकन किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक का दूसरे गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग था । प्रेम प्रसंग के चलते घटना दिनांक को मृतक अपने दो अन्य साथियों के साथ लड़की से मिलने लड़की के गांव आया था । मृतक के साथी उसे मोटरसाइकिल से गांव के बाहर छोड़कर चले गए थे ।पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपियों की पतारसी हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया जाकर उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई। साथ ही पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर 02 व्यक्तियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई ।पूछताछ एवं विवेचना में पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि मृतक की दोस्ती सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) के माध्यम से दूसरे गांव में रहने वाली लड़की से हो गई थी। दोनों के बीच इंस्टाग्राम एवं मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत होती थी। जिसकी जानकारी लड़की के मामा को हो गई थी । मामा ने लड़की को संदीप से बातचीत करने से मना किया था । लेकिन मृतक द्वारा लड़की से बातचीत बंद नहीं करने पर नाराज होकर मामा ने घटना दिनांक को अपनी भान्जी से फोन करके संदीप को मिलने बुलाया था ।रात्रि में संदीप अपने दो दोस्तों के साथ लड़की के गांव में मंदिर के पास पहुंचा, जहां से अपने दोनो दोस्तों को वापस भेजकर संदीप लड़की के बताए अनुसार लड़की के घर के पीछे खेतों की ओर पहुंच गया था। जहां पहले से ही योजना के अनुसार लड़की के मामा नीरज गौड़ ने अपने साथी राजबहादुर गौड़ के साथ मिलकर संदीप को पकड़ लिया और जंगल की तरफ ले जाकर संदीप के ऊपर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को दो पत्थरों के बीच बनी खाई में डालकर ऊपर से पत्थरों से ढक दिया था।पुलिस टीम द्वारा आरोपी नीरज उर्फ नत्थु गौड़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मृतक संदीप गौड़ का मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त रक्तरंजित पत्थर को जप्त किया गया है। साथ ही विधि-विरुद्ध बालिका को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण का एक अन्य आरोपी राजबहादुर गौड़ फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विवेचना जारी है।मामले में पुलिस टीम द्वारा आरोपी नीरज उर्फ नत्थु गौड़ पिता रामआसरे गौड़ उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम लुहरहाई थाना बृजपुर जिला पन्ना को गिरफ्तार किया जाकर नाबालिग बालिका को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में 01 अन्य आरोपी फरार है।पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून लगा पत्थर एवं मृतक संदीप गौड़ का मोबाइल फोन जप्त किया गया है।

 

Leave a Reply

You missed