Spread the love

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में मनाया गया यातायात जागरूकता कार्यक्रम

पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में यातायात जागरूकता सप्ताह मनाया गया।   कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार शामिल रहीं। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़-नाटक के जरिए यातायात जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही नशीले पदार्थ का सेवन न करने, दो पहिया वाहन पर हेलमेट और चार पहिया वाहन पर सीट बेल्ट का उपयोग करने, एंबुलेंस को रास्ता देने तथा नशे में कोई वाहन न चलाने इत्यादि के बारे में नाटक के माध्यम से प्रस्तुति दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन दिनों बढ़ते हुए सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए  यातायात जागरूकता कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इसके तहत सावधानी से गाड़ी चलाने,  हेलमेट का प्रयोग करने,  सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर गाड़ी को न चलाने एवं गाड़ी चलाते वक्त मोबाइल का प्रयोग न करने, स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए लोगो से अनुरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा यह मंत्र सभी को अपने जीवन में उतारना चाहिए। वाहन चालते समय स्वयं की सुरक्षा के साथ सड़क पर चल रहे दूसरे व्यक्तियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें तो दुर्घटनाएं नही होंगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के आंकडे़ बहुत ही भयावह हैं। उन्होंने कहा कि इन दुर्घटनाओं में सबसे अधिक दो पहिया वाहन की दुर्घटनाएं होती हैं, जिसमें मरने वालों की आयु 40 वर्ष से कम होती है। ऐसी मृत्यु होने पर पूरा परिवार परेशान हो जाता है। वहीं दुर्घटना में बहुत सारे लोगों के अंग खराब हो जाते हैं, जिससे उनका जीवन बेकार हो जाता है।
पन्ना यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार ने कहा कि वर्तमान में सबसे अधिक दो पहिया वाहनों का उपयोग आप लोग करते हैं। इसलिए आपको अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए एनसीसी, एनएसएस के छात्र-छात्राओं को जागृति लाने का कार्य करना चाहिए, जिससे कम से कम दुर्घटनाएं हों।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अमित दाहिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि जितने लोगों की मृत्यु वाहन दुर्घटनाओं में होती हैं, उतनी मौतें अन्य घटनाओं में नहीं होती। वाहन दुर्घटनाएं यातायात नियमों का सही ढंग से पालन न करना, तेज गति से वाहन चलाना,  शराब के नशे में वाहन चलाना, हेलमेट का उपयोग न करना, सीटबेल्ट न बांधना आदि के कारण सबसे अधिक दुर्घटनाएं होती हैं। इन दुर्घटनाओं से राष्ट्रीय क्षति होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को वाहन चलाते समय पूरी सावधानी और यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने वाहन दुर्घटनाओं के कारणों का जिक्र करते हुए सभी विद्यार्थियों को सचेत रहने के लिए कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *