नवीन आबकारी नीति वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पन्ना जिले में शराब दुकान समूहों के लिए ई टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया चालू है । इसी के अन्तर्गत दिनांक 4 मार्च को तीन समूह गुनौर, पवई और अजयगढ़ का ई टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से निष्पादन होना था। परन्तु इन तीनों समूह पर कोई भी टेंडर नहीं प्राप्त हुआ । गुनौर समूह का आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 13 लाख 46 हजार 307 रुपए है । पवई समूह का आरक्षित मूल्य 27 करोड़ 14 लाख 54 हजार 821 रुपए और अजयगढ़ समूह का आरक्षित मूल्य 22 करोड़ 4 लाख 65 हजार 254 रुपए है । अभी तक पन्ना जिले में दो चरणों में 7 समूहों को निष्पादन हेतु ई टेंडर कम ऑक्शन के लिए ऑनलाइन लाइव किया गया था। जिसमें सिर्फ बृजपुर और शाहनगर समूहों का ही निष्पादन हुआ है । गौरतलब है कि गतवर्ष पवित्र नगर पन्ना की चार शराब दुकान जिनका आरक्षित मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपए था, उनके बंद होने के बाद भी जिले की शराब दुकानें लगभग 54% मूल्य बढ़कर निष्पादित हुआ था ।दिनांक 7 मार्च को तीसरे चरण में अमानगंज समूह जिसमें शराब दुकान अमानगंज, महेवा, सुनवानी, पुरैना और सिमरिया शामिल है, समूह का आरक्षित मूल्य 32 करोड़ 32 लाख 40 हजार 932 रुपए है । देवेंद्र नगर समूह जिसमें शराब दुकान देवेंद्र नगर, सुन्दरा, सकरिया और ककरहटी शामिल है, समूह का आरक्षित मूल्य 21 करोड़ 28 लाख 94 हजार 683 रुपए है । धरमपुर समूह में शराब दुकान धरमपुर और बीरा शामिल है । जिसका आरक्षित मूल्य 5 करोड़ 17 लाख 20 हजार 149 रुपए है । इसके पश्चात शेष समूहों में शामिल शराब दुकानों का पुनर्गठन किया जा सकता है । उक्त प्रक्रिया के अंतर्गत जिला निष्पादन समिति की अध्यक्ष कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू, पदेन सचिव जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव, विवेक त्रिपाठी , आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, विक्रांत जैन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।