Spread the love

दैनिक श्रमिक उजाला संवाददाता अवनीश कुमार बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)

बांकेगंज ब्लॉक के ग्रांट नंबर 10 क्षेत्र में मैकूपुर रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रहीस नामक व्यक्ति द्वारा दबंगई के बल पर सरकारी जमीन पर मकान निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कर रहे व्यक्ति के पास संबंधित भूमि के वैध सरकारी दस्तावेज नहीं हैं। वहीं, रहीस का कहना है कि भूमि उसकी पत्नी के नाम बैनामा है। हालांकि, मौके पर स्पष्ट कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए।
सूचना पर पहुंचीं क्षेत्र की लेखपाल पूजा कनौजिया ने बताया कि संबंधित भूमि के कागज मौजूद हैं, लेकिन गाटा संख्या उपलब्ध नहीं है। इस स्थिति ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि बिना गाटा संख्या के इंतखाब कैसे जारी किया गया।
मामले में यह भी सामने आया है कि उक्त स्थान के पास कानी होज क्षेत्र में तीन अन्य मकान भी वर्षों से सरकारी भूमि पर बने हुए हैं। इनमें जीवन लाल, मिलन व राजकुमार (दोनों सगे भाई) तथा कालिका प्रसाद के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पूरी जमीन सरकारी है और लंबे समय से इस पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि राजस्व विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और अवैध कब्जों पर रोक लगती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed