पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला
लखीमपुर खीरी। थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम लालपुर में बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलते हुए एक ही रात में तीन घरों को निशाना बना डाला। हैरानी की बात यह है कि घटना उस समय हुई जब एक परिवार का बेटा पदयात्रा के लिए निकला हुआ था और घर के लोग निश्चिंत होकर सो रहे थे।
ग्राम लालपुर निवासी मनोज कुमार पुत्र स्व. बचेलाल ने बताया कि बुधवार रात करीब 3:30 बजे उनका बेटा दीपक वर्मा पदयात्रा के लिए लखीमपुर रवाना हुआ। परिवार के लोग उसे विदा कर सो गए, लेकिन इसी बीच अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर कीमती जेवरों पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह करीब 5 बजे जब परिवार की आंख खुली तो घर में बिखरा सामान और गायब जेवर देखकर होश उड़ गए। घटना यहीं तक सीमित नहीं रही—पास ही रहने वाले अनीस पुत्र सोहन हलवाई के घर से भी लगभग उसी समय गहने व कपड़े चोरी हो गए, जबकि पड़ोसी राजू वर्मा पुत्र स्व. पारस के घर को भी चोरों ने नहीं छोड़ा।
एक ही रात में तीन घरों में चोरी की वारदात ने गांव में दहशत फैला दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि जब एक ही समय में तीन-तीन घरों में चोरी हो जाती है, तो सुरक्षा व्यवस्था आखिर किस भरोसे चल रही है? क्या पुलिस केवल कागजों में गश्त कर रही है?
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर चोरी का खुलासा करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना की सूचना परिजनों ने फरधान पुलिस को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजू राव मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

घटना को लेकर जब थाना प्रभारी निरीक्षक राजू राव से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, तो उन्होंने स्वयं को व्यस्त बताते हुए फोन कॉल काट दिया, जिससे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर और भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
