अवनीश कुमार संवाददाता लखीमपुर खीरी
गोकर्णनाथ में बी-मार्ट के सामने स्थित एक एचपी पेट्रोल पंप पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल की गुणवत्ता और मात्रा में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं में रोष व्याप्त है।
सूत्रों का दावा है कि ₹70 का पेट्रोल डलवाने पर बाइक (स्प्लेंडर) मात्र 20 किलोमीटर तक ही चल पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित अधिकारी अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई करते नहीं दिख रहे हैं।
आरोप यह भी है कि पेट्रोल पंप पर विरोध करने वाले ग्राहकों के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई तक की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ सूत्रों ने यह भी संकेत दिया है कि पंप का प्रबंधन स्तर भी इस कथित गड़बड़ी में शामिल हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता के साथ हो रहे इस कथित छल को रोका जा सके।
