Spread the love

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बलदेव इलाके में एक ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। 15 साल पहले अपनी पत्नी और मासूम बच्चों को बेसहारा छोड़कर गायब हुआ एक शख्स जब अचानक ‘साधु’ के चोले में वापस आया, तो उसकी किस्मत ने दगा दे दिया। जैसे ही पत्नी को भनक लगी, उसने फिल्मी अंदाज में पीछा कर पति को मांट रेलवे क्रॉसिंग पर धर दबोचा और बीच सड़क पर ही उसकी ‘पिटाई कर दी।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला की शादी 19 साल पहले मांट क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। वह युवक जालंधर की एक नामी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था। महिला का आरोप है कि वहां काम करने वाली एक अन्य महिला से पति के संबंध हो गए थे। इसी ‘वो’ के चक्कर में पति ने अपनी हस्ती-खेलती गृहस्थी को लात मार दी और प्रेमिका के साथ रहने लगा। पिछले 15 सालों से परिवार उसकी राह देख रहा था, लेकिन वह कभी लौटकर नहीं आया।

महिला को सूचना मिली कि उसका पति साधु के भेष में राया कस्बे में आया हुआ है। बस फिर क्या था, बरसों का गुस्सा फूट पड़ा। महिला ने अपने परिचितों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर घेराबंदी की। मांट क्रॉसिंग के पास जैसे ही आरोपी की कार दिखी, भीड़ ने उसे घेर लिया। गुस्से में आई पत्नी ने कार का शीशा तोड़ दिया और साधु बने इंजीनियर पति को बाहर निकालकर जमकर धुनाई कर दी।

बीच सड़क पर चल रहे इस ड्रामे को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया और साधु को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी ने बताया की मामला संज्ञान में है। महिला ने पति पर धोखाधड़ी और छोड़ने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *