Spread the love

पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला लखीमपुर खीरी/संवाददाता शाबान सिद्दीकी

फरधान खीरी। जनपद के फरधान थाना क्षेत्र के गांव खेतौसा में शनिवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक की पहचान मीर कुमार उर्फ गुज्जर पुत्र राजाराम (गौतम) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब आठ बजे घर के सामने रहने वाले लोगों से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि करीब आधा दर्जन लोग घर में घुस आए और मीर कुमार को बाहर बरामदे में खींच लिया। इसके बाद गड़ासे और बांका से ताबड़तोड़ हमला किया गया। जांघ में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा और हालत नाजुक हो गई।

घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी सदर विवेक तिवारी व पुलिस बल ने घायल युवक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां रात करीब साढ़े नौ बजे उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना में दूसरे पक्ष की ओर से कमलेश भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। मृतक की मां शांति देवी ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।

सीओ सिटी सदर की बाइट

सीओ सिटी सदर विवेक तिवारी ने बताया कि युवक की

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पत्रकारों का फोन उठाना उचित नहीं समझते थाना प्रभारी निरीक्षक

घटना की जानकारी के लिए खबर दृष्टिकोण समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे को फोन किया गया, किंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पत्रकारों से संवाद न करने की इस कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका था। यदि समय रहते प्रभावी और सख्त कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed