👉 आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं – मुख्य सचिव
👉 बालिका शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं – मुख्य सचिव
👉 क्षतिग्रस्त शाला भवनों की मरम्मत सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ कराएं – मुख्य सचिव
👉 प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का प्रदेश में प्रभावी और परिणाममूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं – मुख्य सचिव।
मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री अनुराग जैन ने प्रदेश की आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बच्चों को प्राथमिक स्तर की शिक्षा मुहैया कराना आवश्यक है। इसके लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से चालू होने वाले नवीन शिक्षा सत्र में शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं की संख्या नगण्य हो। इसके सतत प्रयास किए जाएं तथा शैक्षणिक कैलेंडर का पालन सुनिश्चित किया जाए। उक्त निर्देश प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं प्रमुख अधिकारियों को दिए।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने स्कूलों में बालिकाओं के लिए बनाए जा रहे बालिका शौचालयों के निर्माण की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि बालिका शौचालयों का निर्माण सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा यह कार्य मार्च माह के अंत तक पूर्ण हो जाना चाहिए।मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे क्षतिग्रस्त भवनों की सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ मरम्मत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्कूल भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, यह सभी कलेक्टर सुनिश्चित करें।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जिलेवार समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लोगों को कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित कराएं तथा हितग्राहियों को बैंकों के माध्यम से ऋण मुहैया कराकर कुटीर उद्योग स्थापित कराने के लिए सतत रूप से प्रोत्साहित करें।मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर्स शासन द्वारा संचालित स्वारोजगार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं और लोगों की आमदनी बढ़ाने के सतत प्रयास करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा इस योजना के संबंध में किसानों को समुचित जानकारी मुहैया कराएं तथा किसानों को इस योजना से लाभ उठाने के लिए सतत रूप से प्रोत्साहित करें।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने रूफटॉप सौर योजना की भी जिलेवार समीक्षा की तथा इस योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा योजना का लाभ लोगों को दिलाने के भी निर्देश प्रदेश के सभी कलेक्टरों को दिए।वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने प्रदेश के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि लोक सेवा प्राधिकरण के तहत लोगों को सहजता से सेवाएं मुहैया कराएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव द्वारा अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे!