Spread the love

पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला

लखीमपुर खीरी।‘गोला गोकर्णनाथ छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ में रविवार को शिवोत्सव के अवसर पर आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के तहत भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

पालकी यात्रा नीलकंठ मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई दोपहर लगभग दो बजे पुनः वहीं संपन्न हुई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में भगवा ध्वज लहराते रहे और पूरा नगर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा। भक्त पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए। पुरुष श्रद्धालुओं ने धोती और गमछा धारण किया, जबकि माथे पर चंदन व कुमकुम का तिलक उनकी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बना रहा।

आयोजन समिति के अनुसार शाम सात बजे तीर्थ परिसर में भजन संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें सुप्रसिद्ध गायक हेमंत बृजवासी अपनी भक्ति प्रस्तुति देंगे। साथ ही नगरवासियों से अपने-अपने घरों में 12 दीप प्रज्वलित कर भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का आह्वान किया गया है।
इसी बीच तीर्थ परिसर में पेयजल की कमी की समस्या भी सामने आई। तीर्थ पुरोहित लोकेश आचार्य ने बताया कि यह आयोजन पहली बार इस स्वरूप में संपन्न हुआ, जिसे लेकर लोगों में विशेष उत्साह रहा। हालांकि कॉरिडोर निर्माण कार्य के चलते पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा उठानी पड़ी।

उन्होंने प्रशासन से तीर्थ परिसर में स्थायी और समुचित जल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed