पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला
लखीमपुर खीरी। जनपद की एक महिला ने अपने पति एवं ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी, दूसरी शादी करने, तीन तलाक का प्रयास करने तथा अश्लील फोटो-वीडियो भेजकर मानसिक उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता न्याय की आस में थानों के चक्कर काटने को मजबूर है।
ग्राम संसारपुर, थाना मैलानी निवासी रिजवाना खातून ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2019 में इमरान पुत्र शमशेर अली, निवासी ग्राम परसेरा, थाना फरधान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध हैं और उसने दूसरी शादी भी कर ली है।
महिला ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान ही उसे मायके छोड़ दिया गया और वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वर्तमान में वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मायके में रहने को विवश है। पति द्वारा न तो भरण-पोषण दिया जा रहा है और न ही साथ रखने को तैयार हैं। आरोप है कि भरण-पोषण मांगने पर पति द्वारा मोबाइल पर अश्लील फोटो-वीडियो एवं आपत्तिजनक संदेश भेजकर मानसिक उत्पीड़न किया जाता है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा “तलाक-तलाक-तलाक” कहकर अवैध रूप से विवाह समाप्त करने का प्रयास किया गया, जो कानूनन दंडनीय अपराध है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी छवि धूमिल करने का भी प्रयास किया गया।
पीड़िता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल के माध्यम से थाना मैलानी में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में पुलिस से जानकारी करने पर बताया गया कि मामला थाना फरधान क्षेत्र का होने के कारण वहां ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं फरधान पुलिस द्वारा पीड़िता को पुनः थाना मैलानी भेज दिया गया। इस तरह पीड़िता अपने तीनों बच्चों के साथ न्याय की आस में एक थाने से दूसरे थाने के चक्कर काटने को मजबूर है।
पीड़िता ने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने, अपनी एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भरण-पोषण दिलाए जाने की मांग की है।
