Spread the love

श्रमिक उजाला पीयूष दीक्षित जिला संवाददाता

 

ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। ईसानगर क्षेत्र के ग्राम दरिगापुर में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम प्रधान अनुराग मौर्या की पत्नी को घर में एक जहरीले सांप ने डस लिया। घटना रात के समय की है, जब परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कार्यों में व्यस्त थे।

बताया जा रहा है कि प्रधान की पत्नी घर के आंगन में थी, तभी अचानक एक सांप ने उन्हें डस लिया। जैसे ही घटना की जानकारी हुई, ग्राम प्रधान ने तत्परता दिखाते हुए सांप को पकड़कर बोतल में बंद कर दिया और अपनी पत्नी को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने जब सांप को देखा तो चौंक गए। चिकित्सकों ने बताया कि यह सांप बेहद जहरीला और जानलेवा प्रजाति का है। समय पर इलाज मिलने के कारण मरीज की जान बच सकी, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

डॉक्टरों के अनुसार सांप की सही पहचान हो जाने से इलाज करने में काफी सुविधा हुई। आमतौर पर मरीज यह नहीं बता पाते कि किस तरह के सांप ने काटा है, जिससे इलाज में देर हो जाती है और जान का खतरा बढ़ जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में अक्सर सांपों की संख्या बढ़ जाती है, लेकिन इस बार खतरा कुछ ज्यादा ही महसूस हो रहा है।

ग्राम प्रधान अनुराग मौर्या की इस सतर्कता और साहस की ग्रामीणों ने सराहना की है। उन्होंने समय रहते न केवल अपनी पत्नी की जान बचाई बल्कि सांप को साथ ले जाकर डॉक्टरों को सटीक इलाज करने में भी मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed