Spread the love

 

दैनिक श्रमिक उजाला पीयूष दीक्षित जिला संवाददाता

 

कुकरा, लखीमपुर खीरी।

ग्राम पंचायत खंजनपुर निवासी 45 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र श्रीराम की रविवार को तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वह सुबह खेत की ओर पशुओं के लिए गन्ने की पत्तियां तोड़ने गए थे। लौटते समय संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वे पास के तालाब में गिरकर डूब गए।

 

काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। लगभग चार से पांच घंटे की खोजबीन के बाद उनका शव तालाब से बरामद किया गया। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान जनक यादव ने पुलिस को जानकारी दी। थोड़ी ही देर में चौकी प्रभारी कुकरा अवलीश कुमार पवार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतक विनोद कुमार परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी असमय मृत्यु से घर का सहारा छिन गया। पत्नी और बच्चे बेसुध हैं। आसपास के लोग उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द दिया जाए, जिससे वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें। लोगों ने बताया कि विनोद मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे।

 

गांव में इस हादसे से शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी अपील की है कि तालाबों के किनारों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं रोकी जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed