Spread the loveबदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया माल, 15 हजार रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 23/24 जून 2026 की रात आसफपुर-शाहबाद मार्ग पर ग्राम सीकरी के पास एक परिवार से मारपीट कर सोने के आभूषण, नकदी और अन्य सामान लूट लिया गया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना फैजगंज बेहटा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। 24 जून 2026 को प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मन्नूनगर चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश पहाड़पुर के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 15 हजार रुपये नकद, सोने का ओम लॉकेट, दो जोड़ी पायल, श्रृंगार का सामान, आधार कार्ड की छाया प्रतियां, दो अवैध 315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों में लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है और उनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। Post Views: 136 Post navigation भिटरिया चकमार्ग कब्जा: कार्रवाई नहीं हुई तो धरना देगा भाकियू भानु प्रसूता की मौत से मातम में बदली दोहरी खुशियां: