श्रमिक उजला पीयूष दीक्षित जिला सवाददाता
लखीमपुर खीरी।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सुहेला में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। काम से घर लौटते समय पुलिया से टकराकर युवक पानी भरे नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (30 वर्ष) पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम खुर्दा, जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक प्रमोद कुमार किसी निजी कार्य से गोला गए थे और लौटते समय ग्राम सुहेला के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक समेत नाले में जा गिरे, जो हाल की बारिश से भरा हुआ था।
घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, लेकिन कुछ देर बाद रास्ते से गुजर रहे राहगीरों की नजर पुलिया किनारे गिरी बाइक पर पड़ी। जब उन्होंने नीचे झांककर देखा तो युवक पानी में पड़ा था। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची हैदराबाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस हादसे से गांव में शोक की लहर फैल गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि सुहेला की पुलिया जर्जर और संकरी है, जहां पहले भी हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की मरम्मत कराई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
