संसारपुर खीरी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुई जान-पहचान प्रेम संबंध में बदल गई। थाना मैलानी क्षेत्र के ग्राम पिपरिया निवासी चांदनी पुत्री संजय कुमार तथा ग्राम बगुली मजरा संसारपुर निवासी विवेक कुमार पुत्र खगेश्वर ने एक-दूसरे के साथ जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया।
दोनों प्रेमी युगल चौकी संसारपुर पहुंचे और चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव को अपनी स्वेच्छा से साथ रहने की जानकारी दी। प्रस्तुत किए गए प्रपत्रों के अनुसार दोनों पूर्ण रूप से बालिग पाए गए। चौकी प्रभारी ने गंभीरता से दोनों की बात सुनी और उनके बयान विधिवत दर्ज किए। साथ ही दोनों द्वारा प्रस्तुत सहमति के लिखित अनुबंध पत्र एवं मंदिर में संपन्न विवाह के फोटोग्राफ अभिलेख के रूप में सुरक्षित कराए गए।
चौकी प्रभारी जितेंद्र यादव ने दोनों को आवश्यक कानूनी जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी भी पक्ष की ओर से कोई आपत्ति या प्रार्थना पत्र प्राप्त होता है तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि दोनों की सहमति स्वतंत्र और बिना किसी दबाव के है।
मौके पर ग्राम प्रधान संसारपुर रामप्रसाद देवल भी उपस्थित रहे। उन्होंने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए मिठाई मंगवाकर उपस्थित लोगों में वितरित कराई।
घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
