दैनिक श्रमिक उजाला संवाददाता शाबान सिद्दीकी
लखीमपुर खीरी। जनपद के फरधान थाना क्षेत्र में फरधान ओवरब्रिज के पास शनिवार शाम करीब चार बजे हुई सड़क दुर्घटना में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरधान गांव निवासी राम विलास (53) शनिवार दोपहर बाद अपनी बाइक से रजागंज बाजार जा रहे थे। परिजनों के अनुसार वह क्षेत्र की विभिन्न बाजारों में लाइसेंस के आधार पर दुकानदारों से भुगतान वसूलने का कार्य करते थे। मृतक के पुत्र अजय कुमार ने बताया कि जैसे ही उनके पिता ओवरब्रिज के पास गोला की ओर मुड़ने लगे, तभी पीछे से आ रही एक डिजायर कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राम विलास उछलकर ओवरब्रिज की दीवार पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि कार की नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिर गई, जिससे वाहन की पहचान में मदद मिलने की संभावना है। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और परिजनों को सूचना दी गई। परिजन घायल को निजी वाहन से सीएचसी फरधान ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल ओयल में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन रात करीब दस बजे उनकी मृत्यु हो गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि कार नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
