श्रमिक उजाला संवाददाता अवनीश कुमार
लखीमपुर खीरी। जनपद के विकासखंड बांकेगंज क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार वितरण में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय से पोषाहार नहीं दिया जा रहा, जिससे क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कई ग्राम पंचायतों में महीनों से पुष्टाहार का नियमित वितरण नहीं हुआ है। आरोप है कि कुछ लाभार्थियों को ही सामग्री दी जाती है, जबकि कई लोगों को आधार कार्ड मैच न होने या अन्य बहाने बनाकर वापस कर दिया जाता है। इससे जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि ब्लॉक स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। लोगों ने बांकेगंज ब्लॉक को भ्रष्टाचार और दलाली का केंद्र बताते हुए आरोप लगाया कि बिना लेन-देन के कोई काम समय पर नहीं होता।
मामले को लेकर अब ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
