शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा
ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर हरजिंदर सिंह ने बुधवार को जिले के गुनौर, पवई और शाहनगर विकासखण्ड के कई ग्रामों सहित दूरस्थ ग्रामों का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र सहित ग्राम पंचायत कार्यालय में व्यवस्थाएं देखी। साथ ही ग्रामवासियों से संवाद कर समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम भिटारी के शासकीय प्राथमिक शाला पहुंचकर स्कूल में दर्ज बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली। हाजिरी पंजी का अवलोकन कर बच्चों का अक्षर और भाषा ज्ञान परखा। स्कूल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली। ग्राम सरवारा में पन्ना जनसेवा अधियान के सर्वे कार्य की जानकारी ली और सर्वे दल को शत प्रतिशत जरूरतमंद हितग्राहियों के चिन्हांकन और लाभान्वित करने के निर्देश दिए। सर्वे दल को सभी घरों में अनिवार्य रूप से पहुंचकर सर्वे कार्य निर्धारित समय सीमा में संपादित करने के लिए कहा। इसके उपरांत भितरी मुटमुरू में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, संबल, आयुष्मान योजनाओं के कार्य की प्रगति का जायजा लिया गया। उन्होंने प्राथमिक शाला सिमरहा का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने उप स्वास्थ्य केंद्र की एएनएम से गर्भवती और धात्री माताओं के एएनसी पंजीयन, बच्चों के टीकाकरण की जानकारी ली। समक्ष में रजिस्टर भी देखा। बीएलओ से ग्राम में मतदाता सूची में दर्ज महिलाओं और नवमतदाताओं की जानकारी ली। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। शासकीय माध्यमिक शाला मजरा टोला में निरीक्षण के दौरान रैंप निर्माण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूल के बच्चों से संवाद कर किताब भी पढ़वाई। इस दौरान निर्धारित मीनू अनुसार मध्यान्ह भोजन वितरण के निर्देश दिए। किचेन शेड का अवलोकन कर रसोइयों से चर्चा कर निर्धारित समय पर बच्चों को गर्म पका भोजन वितरण के लिए कहा।