अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीलाम्बर मिश्र ने लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत गत 25 एवं 26 अप्रैल को मतदान केन्द्र क्रमांक 221 माध्यमिक शाला रगौली एवं 222 प्राथमिक शाला रगौली के मतदान दल के लोकसेवकों द्वारा स्वसहायता समूह को चाय, नाश्ता एवं भोजन की राशि का भुगतान नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही दो दिवस में संबंधित समूह को राशि का भुगतान करने और अब तक भुगतान न करने संबंधी कारण आगामी 7 जून के पूर्व स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध मंे शिकायतकर्ता ने उक्त मतदान केन्द्र के लोकसेवकों द्वारा राशि का भुगतान न करने के संबंध में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी, जबकि कर्मचारियों को मतदान केन्द्र में ड्यूटी के लिए मानदेय की राशि के साथ भोजन मद की राशि का भुगतान भी किया गया था। इसके बावजूद आठ लोकसेवकों ने राशि का भुगतान नहीं किया।
स्वसहायता समूह के माध्यम से चाय, नाश्ता और भोजन सुविधा का लाभ प्राप्त कर राशि का भुगतान नहीं करने वाले लोकसेवकों में दोनों मतदान केन्द्र के चार-चार लोक सेवक शामिल हैं। मतदान केन्द्र क्रमांक 221 के पीठासीन अधिकारी एवं माध्यमिक शिक्षक संजय सोनी, मतदान अधिकारी क्रमांक 1 एवं प्राथमिक शिक्षक सियाराम चौधरी, मतदान अधिकारी क्रमांक 2 एवं प्राथमिक शिक्षक रामदयाल सिंह राजपूत तथा मतदान अधिकारी क्रमांक 3 एवं प्राथमिक शिक्षक रोहित यादव सहित मतदान केन्द्र क्रमांक 222 के पीठासीन अधिकारी एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक लोकेन्द्र सेन, मतदान अधिकारी क्रमांक 1 एवं प्राथमिक शिक्षक गरूण प्रसाद उरमलिया, मतदान अधिकारी क्रमांक 2 एवं सहायक ग्रेड-3 पवन राज और मतदान अधिकारी क्रमांक 3 एवं प्राथमिक शिक्षक भीमगाथा डोंगरे द्वारा राशि का भुगतान नहीं किया।
