Spread the love

निजी फाइनेंस कंपनी पर तीन लाख की धोखाधड़ी का आरोप, एफआईआर
बरेली। एक निजी फाइनेंस कंपनी पर स्कूल प्रबंधक ने धोखाधड़ी कर तीन लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत बहेड़ी पुलिस और एसएसपी ऑफिस में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। कोर्ट के आदेश पर बहेड़ी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
बहेड़ी के गांव छितौनिया निवासी रोहन सिंह गांव में ही मूलचंद मौर्य मैमोरियल विद्या मंदिर के प्रबंधक हैं। उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उन्होंने 8 फरवरी 2023 को वरथाना फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड से 4,92,639 का लोन लिया था। कंपनी से लोन लेते समय कोई दस्तावेज नहीं दिए और न ही कुल भुगतान की राशि स्पष्ट की। बस हर माह 15,374 की ईएमआई बताई गई। 10 किस्तें जमा करने के बाद, जब उन्होंने लोन से संबंधित दस्तावेज और कुल भुगतान की जानकारी मांगी, तो कंपनी ने स्पष्ट जवाब देने से इनकार कर दिया। जानकारी न मिलने पर पीड़ित ने आगे किश्तें जमा करने से मना कर दिया और पहले पूरी जानकारी देने की मांग की।
7 मई 2024 को अभिषेक कुमार सिंह, लक्की शर्मा, विजय शर्मा और दो अन्य अज्ञात व्यक्ति पीड़ित के घर पहुंचे। खुद को फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि तीन लाख रुपये एकमुश्त जमा कर दिए जाएं, तो लोन समाप्त हो जाएगा। पीड़ित ने गांव के ही देव कुमार और मनोज कुमार की मौजूदगी में नकद तीन लाख रुपये दे दिए, लेकिन कुछ समय बाद कंपनी ने पैसे मिलने से इनकार कर दिया और बाकी रकम जमा करने का दबाव बनाने लगी।
पीड़ित ने 3 अक्टूबर 2024 को थाना बहेड़ी में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 4 नवंबर 2024 को एसएसपी बरेली को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। उसके बाद निराश होकर पीड़ित ने 5 दिसंबर 2024 को न्यायालय की शरण ली और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोर्ट के आदेश पर थाना बहेड़ी में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed