ICU में दूल्हा, ससुर ने दी दुल्हन को मुखाग्नि:शादी के जोड़े में हुआ अंतिम संस्कार; विदाई के दौरान ट्रक ने कार को मारी थी टक्कर* आरा में विदाई कर ससुराल लौट रही दूल्हे की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान दुल्हन की गुरुवार को मौत हो गई। दूल्हे की हालत गंभीर है।
*दुल्हन को जिस जोड़े में परिवार ने विदा किया था, उसी में उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाया गया। हाथों में मेहंदी थी। पैर में महावर था।*
पोस्टमॉर्टम के बाद शव ससुराल पहुंचा। रिवाज के मुताबिक मुखाग्नि पति को देनी थी, लेकिन उसकी हालत गंभीर है। परिवार ने फैसला लिया कि ससुर मुखाग्नि देंगे।
इसके बाद ससुराल में ही बहू को ससुर ने मुखाग्नि दी। इस दौरान दुल्हन शादी के जोड़े में ही थी। अंतिम संस्कार में लड़की का पूरा परिवार मौजूद था।
*27 मई को शादी हुई थी। 28 को दुल्हन की विदाई हुई थी। उसी दिन सुबह हादसा हुआ। गुरुवार को पटना में इलाज के दौरान दुल्हन की मौत हो गई।* 28 मई को ये हादसा बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर हुआ था। ससुर ओमप्रकाश उर्फ बधारी यादव ने मुखाग्नि दी। दुल्हन के भाई धनजी ने बताया- ’27 मई को धूमधाम से बहन की शादी हुई थी। घर की सबसे छोटी थी। शादी में हम लोगों ने अपने हैसियत से बढ़कर अरेजमेंट किया था।’
‘अगले दिन 28 मई को खुशी-खुशी उसे विदा किया। मैंने खुद उसका कन्यादान किया था। किसे पता था, अब वो लौटकर घर नहीं आएगी।’