Spread the love

पीयूष दीक्षित जिला संवाददाता दैनिक श्रमिक उजाला समाचार पत्र लखीमपुर खीरी

गोला खीरी। सिनेमा चौराहे स्थित शिव मंदिर के द्वार पर बनी मस्तान मियां दरगाह को लेकर बजरंग दल ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने दरगाह को अवैध बताते हुए इसे तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है।

गुरुवार को बजरंग दल के पदाधिकारियों ने तहसीलदार गोला के माध्यम से एसडीएम को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन ने साफ कहा है कि यदि 15 दिनों के भीतर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो वह धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

संगठन ने अपनी मांगों में गाटा संख्या 368 पर चल रहे शिव मंदिर कॉरिडोर निर्माण की पैमाइश कराकर अवैध अतिक्रमण हटाने, पुराने नक्शे के अनुसार भव्य निर्माण कराने, शहर के बाहरी तालाबों की खसरा-खतौनी उपलब्ध कराने तथा चरागाह भूमि को कब्जा मुक्त कराने की बात कही है।

साथ ही, ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिव मंदिर परिसर में प्रसाद विक्रय का ठेका मुस्लिम समुदाय द्वारा लिया जा रहा है, जिस पर रोक लगाने की मांग की गई है।

बुधवार की शाम विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता शिव मंदिर कॉरिडोर स्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान तहसीलदार भीमचंद मौके पर बुलाए गए, जिन्हें संगठन की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed