पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला
लखीमपुर खीरी। विकास खंड बांकेगंज अंतर्गत कस्बा संसारपुर में जाम की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। संसारपुर से होकर बांकेगंज जाने वाली मुख्य सड़क सिंगल होने के कारण यहां आए दिन यातायात बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं बल्कि वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

आमने-सामने आए भारी वाहन, बढ़ी परेशानी

गुरुवार शाम करीब आठ बजे एक ओर गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और दूसरी ओर सवारियों से भरी बस आमने-सामने आ गईं। सड़क संकरी होने के कारण दोनों वाहन निकल नहीं सके और देखते ही देखते दोनों तरफ लंबी कतार लग गई। कुछ ही देर में बाइक व गाड़ियां जाम में फंस गईं।
एक घंटे तक बाधित रहा यातायात
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की आपसी समझदारी से किसी तरह धीरे-धीरे वाहनों को निकाला गया, तब जाकर जाम खुल सका। इस दौरान यात्रियों और राहगीरों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती है। गन्ना सीजन में भारी वाहनों की संख्या बढ़ जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है।
विभाग की अनदेखी पर उठे सवाल
ग्रामीणों और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग समस्या से अवगत होने के बावजूद बेपरवाह बना हुआ है। सड़क चौड़ीकरण या वैकल्पिक मार्ग की कोई ठोस योजना अब तक धरातल पर नहीं उतरी है।
समाधान की उठी मांग
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संसारपुर कस्बे की मुख्य सड़क का शीघ्र चौड़ीकरण कराया जाए या स्थायी यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को रोका जा सके।
