दैनिक श्रमिक उजाला शावान सिद्दीकी
लखीमपुर खीरी। जिले में चकबंदी आयुक्त डॉ. हरिकेश भास्कर के निर्देश पर लखीमपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत फरधान में पंचायत भवन पर हुआ आयोजन। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम का उद्देश्य चकबंदी से जुड़ी लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
चौपाल में भूमि सीमांकन, खसरा-खतौनी में त्रुटियां, चकमार्ग पर अवैध कब्जे, आपसी बंटवारे के विवाद, नामकरण की लंबित प्रक्रियाएं तथा पैमाइश से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से उठाईं गईं। अधिकारियों ने एक-एक प्रकरण को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए।
गंभीर मामलों को शीघ्र जांच कर समाधान करने का भरोसा दिलाया । अधिकारियों ने ग्रामीणों को चकबंदी की प्रक्रिया, अभिलेखों की जांच, आपत्ति दर्ज कराने की विधि तथा समय से निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध कब्जे की शिकायत सीधे विभागीय स्तर पर दर्ज कराए।
चकबंदी लेखपाल विपिन मिश्रा एवं चतुर्भुज सिंह ने अभिलेखों के साथ उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का संज्ञान लिया। ग्राम प्रधान ने कहा कि ऐसी चौपालें ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करती हैं और पारदर्शिता को बढ़ावा देती हैं।
चौपाल के अंत में अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की सूची तैयार कर समय से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामसनेही वर्मा, पंकज वर्मा, अनूप वर्मा, प्रमोद वर्मा, अनूप मिश्रा, रामू वर्मा, सचिन वर्मा, आयुष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
