पीयूष दीक्षित ब्यूरो चीफ दैनिक श्रमिक उजाला
लखीमपुर खीरी। होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए थाना मैलानी अंतर्गत कस्बा संसारपुर में पुलिस प्रशासन लगातार दूसरे दिन भी पूरी सतर्कता के साथ डटा रहा। थाना प्रभारी बृजेश मौर्य के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखा गया।
मुख्य बाजार, नेशनल हाईवे, संवेदनशील स्थलों एवं होली जुलूस के निर्धारित मार्गों पर पैदल गश्त की गई। साथ ही ड्रोन कैमरे के माध्यम से आसमान से निगरानी कर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और छतों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि या अफवाह को समय रहते रोका जा सके।
थाना प्रभारी बृजेश मौर्य ने स्पष्ट कहा कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द का त्योहार है, इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी जारी है और भ्रामक अथवा भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें।

इस दौरान ग्राम प्रधान राम प्रसाद देवल, रितेश रस्तोगी, सूरज देवल एवं दैनिक खबर दृष्टिकोण के जिला संवाददाता मुकेश शर्मा भी मौजूद रहे।
पुलिस की सक्रियता से कस्बा संसारपुर में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।
