ब्रज में झूलन उत्सव की धूम: 10 किलो सोना और 1000 किलो चांदी के झूले पर विराजे बांके बिहारी
मथुरा। हरियाली तीज पर्व के साथ ही ब्रज में झूलन उत्सव की शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में भगवान को 10 किलो सोने और 1000 किलो चांदी से बने भव्य झूले में विराजमान किया गया। हरियाली तीज पर यह झूला दर्शनार्थ केवल एक बार लगाया जाता है, और इस बार यह 79वीं बार विराजमान हुआ है।
हरियाली तीज के मौके पर विशेष झूले में झूलते श्री बांके बिहारी।
1947 में निर्मित यह अलौकिक झूला दुनियाभर में अनोखा माना जाता है। मंदिर को हरियाली से सजाया गया, जिसमें तोरण, झालर, रोशनी और पारंपरिक सजावटों से सारा परिसर आभायुक्त हो उठा। जैसे ही ठाकुरजी के दर्शन खुले, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन प्रभु को झूले में विराजमान देख भावविभोर हो उठे।
श्रद्धालुओं ने कहा कि ब्रज उत्सवों की भूमि है, और हरियाली तीज ब्रज की एक अनुपम दिव्यता है। दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में पहुंचने लगे थे।
प्रशासनिक व्यवस्थाएं रहीं चुस्त दुरुस्त
हरियाली तीज पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्री बांके बिहारी मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से भीड़ की निगरानी की।
डीएम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि श्रद्धालु मंदिर परिसर में रुकें नहीं, लगातार चलते रहें और प्रवेश व निकास द्वारों पर भीड़ जमा न हो। इसके लिए निरंतर अनाउंसमेंट की व्यवस्था भी लागू की गई है।
यमुना घाट पर भी निरीक्षण
हरियाली तीज पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डीएम और एसएसपी ने यमुना जी के घाटों चीर घाट, आरती घाट, केशी घाट आदि का भी निरीक्षण किया। नौका विहार की स्थिति, घाटों की साफ-सफाई और गोताखोरों की उपलब्धता का जायजा लिया गया।